सरसों की आड़ में खेत में उगाई अफीम, 472 पौधे हुए बरामद
किसान गिरफ्तार, मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज

Newz Fast, New Delhi पहले से ही नशे की चपेट में आए फतेहाबाद में अब अफीम की खेती भी होने लगी है। फतेहाबाद सदर पुलिस ने गांव बीघड़ में एक किसान के खेत में अफीम के 472 पौधे बरामद किए हैं।
किसान ने यह अफीम के पौधे सरसों की फसल की आड़ में उगा रखे थे। पुलिस ने किसान को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहाबाद से छह किलोमीटर दूर गांव बीघड़ निवासी किसान रमेश ने अपने खेत में सरसों की फसल की आड़ में अफीम (खसखस ) की खेती की हुई थी। किसी ने इसकी सूचना सदर पुलिस को दी तो पुलिस हरकत में आई।
पुलिस रमेश के खेत में पहुंच गई और मुआयना किया तो सरसों की फसल के बीच खसखस यानि अफीम के अनेक पौधे दिखाई, जिन पर फूल और फल लगे हुए थे। पुलिस के अनुसार, इन पौधों की संख्या 472 है।
पुलिस ने खेत मालिक रमेश को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि खसखस यानि अफीम की खेती प्रतिबंधित है।
इस पौधे का प्रयोग हालांकि दवा व खाद्य पदार्थों में भी होता है, लेकिन लोग इसका मिसयूज करके चूरापोस्त व अफीम सहित कई नशे बनाते हैं।